हेडलाइन:
सहरसा की तुषा तान्या को AMETEK में टेक्निकल लीड का ऑफर, 70 लाख पैकेज के साथ बनी कंपनी की पहली महिला तकनीकी प्रमुख
सहरसा। जिले के महिषी गांव की बेटी तुषा तान्या ने देश-विदेश में सहरसा का मान बढ़ाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें अमेरिकी कंपनी AMETEK Instrument India Pvt. Ltd. में Technical Lead – Mixed Signal Design पद का ऑफर मिला है। इस ऑफर के तहत तुषा को 70 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज मिलेगा, साथ ही 10 लाख रुपये का ज्वाइनिंग बोनस भी कंपनी द्वारा दिया जाएगा।
तुषा तान्या AMETEK के इतिहास में पहली महिला तकनीकी प्रमुख बनने जा रही हैं। उन्होंने विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि बेटियां भी हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।
तुषा तान्या महिषी निवासी दिवंगत समाजसेवी बाबू तृप्ति चौधरी की सुपौत्री हैं। उनके दादा प्रो. डॉ. अमर नाथ चौधरी, जो राजेंद्र मिश्र महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य रहे हैं, और माता मधु चौधरी की वे दो पुत्रियों में सबसे छोटी हैं। बचपन से ही तुषा पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं।
उन्होंने अपनी बी.टेक की पढ़ाई BIT मेसरा से की। इसके बाद GATE में उत्कृष्ट स्कोर प्राप्त कर उन्होंने NIT दुर्गापुर से M.Tech किया, जहां वह गोल्ड मेडलिस्ट रहीं।
IIT दिल्ली से कर रहीं PhD, डिफेंस के लिए चीप डिजाइन पर शोध
तुषा वर्तमान में IIT दिल्ली से पीएचडी कर रही हैं। उनका शोध विषय कैमरा इन डिफेंस के लिए चिप डिजाइन है। यह रिसर्च रक्षा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय एवं कौशल विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री रहे राजीव चंद्रशेखर के कार्यकाल के दौरान तुषा ने राष्ट्रीय स्तर पर डिफेंस के लिए चिप डिजाइन विषय पर अपना लेक्चर प्रस्तुत किया था। वे इस मंच पर आमंत्रित की गई देश की तीन विशेषज्ञों में से एक थीं।
तुषा तान्या की यह उपलब्धि न केवल सहरसा और बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।