Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:'चेतावनी का समय समाप्त, अब होगी कार्रवाई', डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का बड़ा बयान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, December 28, 2025

BIHAR:'चेतावनी का समय समाप्त, अब होगी कार्रवाई', डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का बड़ा बयान

पटना। उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वे जब तक विभाग में हैं, बिना किसी दबाव के काम करते रहेंगे। पहले भी वे किसी दबाव से प्रभावित नहीं हुए हैं, आगे भी नहीं होंगे।

वे शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बिहार राजस्व सेवा संघ के उस आरोप को गलत बताया, जिसमें कहा गया है कि जन संवाद में उप मुख्यमंत्री अधिकारियों को अपमानित करते हैं।

उन्होंने कहा- मैंने किसी को गाली नहीं दी। किसी का अपमान नहीं किया। सिन्हा ने अपने विरूद्ध संघ की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिए गए पत्र के प्रति भी अनभिज्ञता जाहिर की।

सिन्हा ने स्वीकार किया कि उनके विभाग के कुछ अधिकारी भू-माफियाओं से मिले हुए हैं। मैंने उन्हें चेतावनी दी थी। चेतावनी का समय समाप्त हो गया है, अब कार्रवाई होगी। हम कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों के कारण विभाग के उन कार्मिकों का मनोबल नहीं टूटने देंगे, जो सचमुच जनता की सेवा करना चाहते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रम कल्याण मंत्री रहने के दौरान भी आईटीआई में सुधार के उनके कुछ निर्णयों का विरोध हुआ था। लेकिन, समय के साथ विरोध करने वाले लोग भी स्वीकार कर रहे हैं कि वे निर्णय जरूरी और लाभकारी थे।

इसी तरह खनन एवं भूतत्व विभाग में माफियाओं ने ट्रक चालकों को भड़का दिया था। मैने ट्रक चालकों से बातचीत की। समाधान हो गया। अभी चल रहे जन संवाद कार्यक्रम को कुछ लोग भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। यह नहीं होने देंगे। क्योंकि भूमि विवाद समाप्त किए बिना विकसित बिहार का निर्माण नहीं हो सकता है।

भूमि विवाद के कारण हिंसा की घटनाएं होती हैं। इससे राज्य की बदनामी होती है। खराब लैंड रिकॉर्ड से माफियाओं को मदद मिलती है। हम इसे पूरी तरह बंद करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चाहते हैं कि भूमि विवाद पूरी तरह समाप्त हो जाए।