सहरसा के सौरबाजार थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम कर रहे मिस्त्री को लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। इस घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें दिख रहा है की मिस्त्री चन्द्रभूषण कुमार अपने दुकान पर बैठकर काम कर रहा था। तभी तीन पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचते है और उसकी बेरहमी से पिटाई कर देते है।
वहीं जब वो भागने का प्रयास करता है तो उसे एक कर्मी उसे पीछे से पकड़ लेता है और फिर से पिटाई कर देता है। इस दौरान वह पुलिस कर्मियों से पीटने का कारण पूछता है तो वो आक्रोशित हो जाते है। फिर वह उनसे छोड़ने की लगातार गुहार लगाता है पर कर्मी उसकी पिटाई करते रहते है। पूरा मामला शुक्रवार का है।
एसपी से लगाई गुहार
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।आसपास और मौके पर मौजूद लोगों की माने तो सिपाही और पुलिस वाहन के ड्राइवर की अमानवीय चेहरा देखकर हैरत में पड़ गए। पीड़ित युवक और परिजनों ने एसपी साहब से न्याय की गुहार लगाई है और दोषी सिपाही व ड्राइवर के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।
