सहरसा। ससुराल छोड़कर मायके गई पत्नी को लाने के लिए एक पति ने थाने में आवेदन दिया है। चंद्रायण पंचायत के वार्ड नंबर 12 निवासी महेश्वरी यादव के पुत्र पप्पू यादव ने आवेदन देकर पत्नी को मायके से ससुराल लाने की मांग की है।
इस संबंध में युवक ने बताया कि उसकी शादी एक साल पूर्व सुपौल जिले के सितुहर के वार्ड नंबर पांच की कृष्णा देवी से हुई थी। शादी के बाद पत्नी को विदाई कर अपने घर चंद्रायण ले आए। लगभग पांच माह साथ रहने के बाद रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली चले गये। चार माह बाद पिता ने सूचना दी की उनकी पत्नी घर से सारा कपड़ा, जेवरात और 40 हजार नकदी लेकर अपनी मायके चली गई। कहा कि दिल्ली से वापस आने के बाद पत्नी को लाने ससुराल गया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने भगा दिया। युवक ने ससुर राजाराम यादव, सास गोड़िया देवी, विभा देवी पर मारपीट कर भगाने का आरोप लगाया। इसपर थानाध्यक्ष महेश कुमार रजक ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की तहकीकात की जा रही है।