STET परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने पर उग्र हुए छात्र, फर्जी निकला प्रश्न पत्र, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

औरंगाबाद / सहरसा : औरंगाबाद जिले में एसटीईटी परीक्षा के दौरान सिन्हा कॉलेज में आये परीक्षार्थियों ने प्रश्न पत्र लीक हो जाने को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया. हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्न पत्र कॉलेज प्रशासन द्वारा लीक कर दिया गया है. इसलिए परीक्षा में शामिल नही होंगे.
हंगामा की सूचना मिलते ही एसडीओ डॉ प्रदीप कुमार, एएसपी अभियान राजेश कुमार, एसडीपीओ अनूप कुमार दल-बल के साथ सिन्हा कॉलेज पहुंचे और लीक हुए प्रश्न पत्र का मिलान किया. प्रश्न पत्र का मिलान किये जाने के बाद पाया गया कि किसी तरह का कोई भी प्रश्न पत्र लीक नहीं हुआ है. यह सिर्फ अफवाह है.
काफी देर तक समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था. इसके बाद पुलिस ने छात्रों के प्रदर्शन को उग्र होता देख लाठीचार्ज कर दिया. पुलिस के लाठीचार्ज करने से कॉलेज परिसर में भगदड़ मच गयी. वहीं, हंगामा कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया. उसके बाद करीब दो घंटे बाद परीक्षा शुरू हुई. इधर, सहरसा में एसटीईटी परीक्षा में ओएमआर शीट की कमी के कारण छात्राओं ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया है.


