रौटा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब पीकर हंगामा कर रहे 5 गिरफ्तार, 40 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर दबोचा गया
बैसा/पूर्णिया: रौटा थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए शराब पीकर हंगामा कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया, वहीं दिवा गश्ती के दौरान 40 लीटर विदेशी शराब के साथ एक युवक को भी दबोच लिया।
शराब पीकर हंगामा कर रहे 5 लोग गिरफ्तार
पहली कार्रवाई में रौटा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनोद कुमार (ग्राम बेलोरी), सूरज कुमार, अबुजर, राम कुमार (तीनों ग्राम रौटा पुरानी हाट) तथा राजेश चौहान (ग्राम रौटा चौहान टोली) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
40 लीटर विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
वहीं दूसरी कार्रवाई में रौटा थाना पुलिस ने दिवा गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर शिल्ला घाट के समीप छापेमारी की। इस दौरान 40 लीटर विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसरुल आलम (24 वर्ष), निवासी मुरादपुर कदम चौक, थाना अनगढ़ के रूप में हुई है।
बाइक भी जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक होंडा एसपी बाइक भी बरामद की, जिसका इस्तेमाल शराब ढुलाई में किया जा रहा था। कार्रवाई एएसआई हमीद अहमद के नेतृत्व में की गई।
थानाध्यक्ष ने दी जानकारी
रौटा थानाध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव ने बताया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आरोपी भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने शराब तस्करी मामले में गिरफ्तार युवक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।