Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पुलिस का बड़ा खुलासा, मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश; महिला समेत 10 गिरफ्तार, 26 मोबाइल बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 15, 2026

BIHAR:पुलिस का बड़ा खुलासा, मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश; महिला समेत 10 गिरफ्तार, 26 मोबाइल बरामद

कटिहार पुलिस का बड़ा खुलासा, मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश; महिला समेत 10 गिरफ्तार, 26 मोबाइल बरामद

कटिहार: कटिहार पुलिस ने कुर्सेला थाना क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के 26 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

गुप्त सूचना पर रात में हुई छापेमारी

पुलिस को 15 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुर्सेला थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित एक मकान में मोबाइल चोरी करने वाले अपराधी एकत्र होकर अगली वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही कुर्सेला थानाध्यक्ष ने अपनी टीम के साथ त्वरित छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान मौके से सभी 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है।

संगठित तरीके से करते थे चोरी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार सभी आरोपी मिलकर एक संगठित गिरोह के रूप में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन को बाद में बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के कुछ सदस्यों के खिलाफ पहले भी साइबर थाना और पोठिया थाना में मामले दर्ज हैं।

ये लोग हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में सचितानंद चौधरी (32), दीनानाथ चौधरी (38), जोगी कुमार सिंह (21), गंगा कुमार महतो (38), रविंद्र कुमार (20), राजेश कुमार चौधरी (27), सुलेखा देवी (29) और कुंदन कुमार महतो शामिल हैं।

सचितानंद और दीनानाथ कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि जोगी, गंगा, रविंद्र और राजेश झारखंड के साहेबगंज जिले के रहने वाले हैं। सुलेखा देवी भी साहेबगंज की निवासी बताई गई हैं। वहीं कुंदन कुमार महतो कटिहार के कुर्सेला थाना क्षेत्र का निवासी है।

इसके अलावा, पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी पकड़ा है।

भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 26 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद मोबाइलों के संबंध में जांच की जा रही है कि वे किन-किन क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।