अररिया। नगर थाना क्षेत्र में शहर की अररिया-रानीगंज मार्ग पर कोल्ड स्टोर के निकट तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क किनारे खड़े पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस के सहयोग से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक एसएसबी की 52वीं बटालियन का जवान
मृतकों की पहचान अररिया आरएस थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 निवासी राजकुमार कुशवाहा के 42 वर्षीय पुत्र सुधीर कुशवाहा के रूप में हुई, जो एसएसबी की 52वीं बटालियन में जवान के पद पर तैनात थे। दूसरा मृतक फारबिसगंज थाना क्षेत्र के ट्रेनिंग स्कूल चौक, वार्ड संख्या 21 निवासी स्वर्गीय दिनेश प्रसाद जायसवाल का 35 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार जायसवाल था।
विक्की की पत्नी अररिया आरएस स्थित महात्मा गांधी स्मारक उच्च विद्यालय में शिक्षिका हैं। दोनों पति-पत्नी अपने बच्चों के साथ अररिया आरएस में किराए के मकान में रहते थे।
सुधीर और विक्की अच्छे दोस्त
जानकारी के अनुसार, सुधीर और विक्की अच्छे दोस्त थे। गुरुवार रात वे अररिया आरएस में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। वहां से देर रात करीब 2 बजे अररिया बस स्टैंड किसी काम से जा रहे थे, तभी कोल्ड स्टोर के पास यह हादसा हो गया।
तेज रफ्तार और संभवतः लापरवाही के कारण बाइक नियंत्रण से बाहर हो गई और पुलिस वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरा इलाका शोक में डूब गया है।
पुलिस के जवान को भी हल्की चोट
यातायात थाना अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सड़क किनारे खड़ी नगर थाने की पेट्रोलिंग गाड़ी में बाइक सवार ने टक्कर मारी थी। जिसमें पुलिस के जवान को भी हल्की चोट लगी है। वहीं गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और रात के समय सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही की भयावहता को उजागर करती है।