घरों में घुसा बाढ़ का पानी।
नेपाल में लगातार बारिश की वजह से कोसी नदी उफान पर है। कोसी नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। कोसी बराज से सोमवार को सुबह 6 बजे 2 लाख 53 हजार 910 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया है।बीते शुक्रवार के रात 10 बजे से 12 बजे तक कोशी बराज से 4 लाख 14 हजार 160 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज रिकार्ड किया गया था। जिससे तटबंध के भीतर बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं ।
घरों में घुसा पानी, खाना बनाने में हो रही परेशानी
नदी के बढ़े जलस्तर से अब भी सुपौल जिले के पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध के भीतर पड़ने वाले पांच प्रखंडों के 120 गांव में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हैं। तटबंध के भीतर अब भी 6 हजार घरों में बाढ़ का पानी जमा है। सुपौल जिले के निर्मली प्रखंड अंतर्गत मझारी पंचायत के महुआ गांव के वार्ड नंबर तीन के रहने वाले शिवनारायण यादव, बुचिया देवी, समेत अन्य बाढ़ पीड़ित ने बताया की बीते 3 दिनों से बाढ़ का पानी जमा है। घर के चूल्हे पानी में डूबे हुए हैं। कैसे खाना बनेगा और क्या खाऊं यह सबसे बड़ी समस्या है।
अब तक इस क्षेत्र में सरकारी अधिकारी नहीं पहुंचे हैं और ना ही राहत सामग्री दिया गया है। उन्होंने बताया कि किसी तरह बाहर आकर रिस्तेदारो के यंहा से राशन पानी लेकर जीवनयापन कर रहे हैं। बाढ़ पीड़ितों ने सरकारी अधिकारियों पर अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
सुपौल डीएम कौशल कुमार ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को सरकारी प्रावधान के अनुसार राहत सामग्री दीं जा रही है। अगर ऐसा मामला है भी तो उन पीड़ितों को जल्द राहत सामाग्री उपलब्ध कराई जाएगी।