Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Politics: सारे नौसिखिए नेता जीत कर विधानसभा आ गए, बैंक लूट के आरोपी भी मंत्री बन गए, तेजस्‍वी भी बेदाग नहीं : पप्‍पू यादव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, March 20, 2021

Bihar Politics: सारे नौसिखिए नेता जीत कर विधानसभा आ गए, बैंक लूट के आरोपी भी मंत्री बन गए, तेजस्‍वी भी बेदाग नहीं : पप्‍पू यादव


पटना, राज्य ब्यूरो। जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश सरकार अपराधियों को बचा रही है। आलम ये है कि आपराधिक छवि वाले कई लोग विधानसभा में बैठे हुए हैं। कुछ मंत्री भी बन गए है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों गठबंधनों में आपराधिक छवि वाले नेता हैं। यह नैतिक रूप से गलत है कि कोई व्यक्ति जिसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है और वो संवैधानिक पद पर बैठा हुआ है। बिहार मंत्रिमंडल में 23 ऐसे लोग हैं जिनके खिलाफ बैंक लूट का आरोप है और कईयों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता के खिलाफ भी कई मामले दर्ज है।

सदन की गरिम का ख्‍याल नहीं

विधानसभा में हो रहे हंगामे पर पप्पू यादव ने कहा कि इस बार ऐसा लग रहा है जैसे सारे नौसिखिए नेता जीत कर आ गए हैं। नए विधायकों और मंत्रियों को विधानसभा की कार्यवाही के नियम ही नहीं मालूम है। न प्रश्न काल, न ज़ीरो आवर और ना ही प्राइवेट मेम्बर बिल के बारे में पता है। सदन में सिर्फ गाली-गलौज की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष पद की गरिमा को सत्ता पक्ष के द्वारा अपमानित किया जा रहा है जो दुखद है। मंत्री और स्पीकर दोनों को इस्तीफा देना चाहिए।


 बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 का विरोध

बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 के खिलाफ विरोध जताते हुए पप्‍पू यादव ने कहा कि इस कानून के बाद मैजिस्ट्रेट से वारंट की जरूरत नहीं होगी। पुलिस ऐसे ही मनमाने ढंग से किसी के भी घर में घुस जाएगी। यह कानून बिहार के नागरिकों को उनके मौलिक अधिकार से वंचित करता है। बिहार सरकार तानाशाह रूख अख्तियार कर चुकी है। इस कानून के खिलाफ हम सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट जाएंगे। यही नहीं जन आंदोलन भी करेंगे।

मिजोरम में बिहारियों पर हो रहे हमले पर जाप अध्यक्ष ने कहा कि मिजोरम से बिहारियों को भगाया जा रहा है। कोई उनकी सुध लेने वाला नहीं है। मैंने इस संबंध में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखी है। यदि बिहारियों के खिलाफ हमले बंद नहीं हुए तो हम भी बिहार से गुजरकर मिज़ोरम के लोगों जाने नहीं देंगे।

इस दौरान भाई दिनेश, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचन्द सिंह, राजेश रंजन पप्पू, राजू दानवीर, गौतम आनन्द, आजाद चांद, रानू शंकर और वरुण कुमार उपस्थित थे।