मधेपुरा। अगस्त माह में विभागीय कामकाज के आधार पर जारी रैंकिग में बेहतर काम करने के लिए सूबे में पुरैनी के अंचलाधिकारी रामअवतार यादव सूबे में चौथ स्थान प्राप्त करने में सफल हुए है। वहीं, जिले में विभागीय कार्य संपादन मामले में सबसे आगे चल रहे हैं।
मालूम हो कि राजस्व व भूमि सुधार विभाग ने बीते जुलाई महीने से सूबे के सभी अंचलाधिकारी व भूमि सुधार उप समाहर्ता के महीने भर में संपादित किए गए विभागीय कार्यो का मूल्यांकन शुरू किया है, जिसमें बेहतर विभागीय कार्य संपादन करने वाले व विभागीय कार्य संपादन में फिसड्डी रहने वाले अंचलाधिकारियों की वन टू टेन की अलग-अलग सूची तैयार कर उसे अंक दिए जाते हैं। मूल्यांकन में प्राप्त रैंकिग के आधार पर बेहतर काम करने वाले अंचलाधिकारी व डीसीएलआर को विभागीय स्तर से प्रशस्ति पत्र प्रदान की जाती है।
गौरतलब हो कि विभागीय कार्य म्यूटेशन, लगान, अतिक्रमण मुक्ति, ऑपरेशन दखल दिहानी जैसे विभागीय कार्यों में इनकी सक्रियता व हासिल किए गए उपलब्धि के आधार पर विभागीय स्तर से किए गए अगस्त माह के मूल्यांकन में पुरैनी अंचलाधिकारी रामअवतार यादव को सूबे में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है।