कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
----
सहरसा। अनुमंडल क्षेत्र के सरकारी, गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के आसपास से लेकर रास्ते तक मनचले आए दिन खूब मंडराते रहते हैं। मनचलों पर नकेल नहीं कसे जाने के कारण छात्राएं परेशान रहती हैं। कई स्थानों पर स्थायी रूप से मनचलों का जमावड़ा लगता है। ऐसे में वहां जाने वाली लड़कियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
---
आये दिन छात्राओं के साथ होती रहती छेड़खानी
शिक्षण संस्थानों के आसपास मनचलों का जमावड़ा लगने व मंडराने से क्षेत्रों में छेड़खानी जैसी घटना तो घटती रहती है। जो भले ही पुलिस के पास अधिकांश मामला नहीं पहुंचता हो। लेकिन हमारे समाज में ऐसे कई मामले सामने आते हैं जो पंचायत स्तर से दबी जुबान में सुलझाते देखी जाती है। इससे मनचलों के मनोबल थमने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। इतना ही नहीं जो मामला पुलिस रिकार्ड में दर्ज करने हेतु पहुंचती है उनमें से भी अधिकांश मामला दबा ही दी जाती है।
----
कहां-कहां होता है जमावड़ा
----
लोगों की मानें तो प्रखंड मुख्यालय स्थित कौशल विकास केन्द्र, गर्ल्स हाईस्कूल सिमरी बख्तियारपुर, पहाड़पुर बाजार स्थित हाईस्कूल, रानीबाग, सैनीटोला, डाकबंगला चौक सहित अन्य कई सरकारी हो या गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के आसपास मनचलों का जमावड़ा लगा रहता है।
----
घर से जा रही व वापस लौट रही छात्राओं पर कंसी जाती फब्तियां
----
ग्रामीणों की मानें तो मनचलों के द्वारा घर से शिक्षण संस्थान की ओर जा रही तथा वहां से वापस लौट रही छात्राओं को निशाना बनाया जाता है। ऐसी छात्राओं का पीछा भी किया जाता है तथा पास से गुजरने पर उनके ऊपर फब्तियां कंसी जाती है। जिससे राह चलती छात्राएं डरी-सहमी रहने के कारण वे वहां से चुपचाप निकलने में ही भलाई समझती है।
----
प्रशासन को नहीं है फिक्र
---
मनचलों के प्रति प्रशासन का कोई कड़ा रूख नहीं रहना देखा जा रहा है। ऐसा लगता है कि ऐसे मामलों के प्रति प्रशासन की कोई दिलचस्पी हीं नहीं है। चूंकि मनचलों पर प्रशासन का खौफ नहीं देखा जा रहा है।
----
नहीं है सुरक्षा की व्यवस्था
----
नगर पंचायत सहित पूरे प्रखंड में जिस तरह से शिक्षण संस्थान की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, उन संस्थानों में से एक भी के पास सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। गैर सरकारी संस्थानों के अंदर तो नहीं कहा जा सकता लेकिन बाहर में नहीं है कोई सुरक्षा व्यवस्था। इनके अलावा सुरक्षा के प्रति किसी को कोई दिलचस्पी भी नहीं है। गार्ड की बात तो दूर सीसीटीवी कैमरा लगाने में हिचकते रहते हैं।
----
स्कूल ऑन व ऑफ टाइम में नहीं होती गश्ती
----
क्षेत्रवासियों के अनुसार स्कूल ऑन हो या ऑफ हो इन दोनों टाइम में पुलिस की गश्ती नहीं देखी जाती है। जबकि लोगों के द्वारा कई बार मांग किया गया है कि इन दोनों टाइम में मुख्य बाजार से लेकर रानीबाग सहित अन्य जगहों पर पुलिस की गश्ती होनी चाहिए। फिर भी ऐसी मांगों को अनसुना कर दिया गया।
-----
क्या कहते थानाध्यक्ष
---
थानाध्यक्ष रणवीर कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा लगाने के प्रति संस्थानों को जागरूक किया जाएगा तथा बीच-बीच में कैमरा की जांच भी की जाएगी। वहीं उन्होंने कहा कि गश्ती तो होती है लेकिन इसे ओर बढ़ाया जाएगा। मनचलों पर जल्द सख्ती से नकेल कसी जाएगी।
