Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:शराबबंदी के बावजूद छलक रहे जाम, मोतिहारी और सुपौल में शराब की बड़ी खेप बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 15, 2019

बिहार:शराबबंदी के बावजूद छलक रहे जाम, मोतिहारी और सुपौल में शराब की बड़ी खेप बरामद

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर:
मोतिहारी. बिहार (Bihar) में पूर्ण शराबबंदी (Liquor Ban) कानून लागू हुए वर्षों बीत गए. बावजूद इसके शराब का कारोबार जोरों पर है और कारोबारी के हौसले बुलंद हैं. इस बीच, मोतिहारी (Motihari) में शराब तस्करी का नायाब तरीका देखने को मिला है. पेट्रोल-डीजल लाने वाले टैंकर के अंदर तहखाना बनाकर शराब ले जाने का मामला सामने आया है.
उत्पाद विभाग को मिली गुप्त सूचना पर उत्पाद पुलिस ने एनएच-28 के कोटवा के पास मोगा ढ़ाबा के पास खड़े टैंकर की जांच किया तो टैंकर में बने तहखाना का खुलासा हुआ. टैंकर खोला गया तो उसमें ढाई सौ कार्टन यानि 8400 बोतल हरियाणा निर्मित शराब बरामद हुआ. हालांकि इस मामले में न तो ट्रक चालक की गिरफ्तारी हुई है और न ही कारोबारियों का पता चल सका है. उत्पाद निरीक्षक प्रकाशचन्द्र ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है.
वहीं, सुपौल जिले में किसनपुर पुलिस ने शराब की एक बड़ी खेप को जब्त करने में सफलता हासिल की है. किसनपुर के एनएच-327ए पर सोहागपुर चौहट्टा के नजदीक पुलिस ने एक ट्रक से जा रही शराब की ये खेप जब्त की है. वहीं शराब तस्करों सहित ड्राईवर और खलासी को भी गिरफ्तार किया गया है. जब्त ट्रक से करीब 154 कार्टन विदेशी शराब मिली है. लेकिन पुलिस को अब तक इसके मुख्य सरगना का पता नहीं चल पाया है.