Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:नाबालिग लड़की को किडनैपर कर कोटा में बेचा, दो महिला समेत गिरोह का सरगना गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 4, 2019

बिहार:नाबालिग लड़की को किडनैपर कर कोटा में बेचा, दो महिला समेत गिरोह का सरगना गिरफ्तार

कोशी लाइव:अक्की
भागलपुर:
भागलपुर में कहलगांव पुलिस ने नौ साल की नाबालिग लड़की के अपहरण मामले का उद्भेदन का दावा किया है। करीब 45 दिनों बाद घोघा थाना क्षेत्र के एक गांव की अपहृत लड़की को पुलिस ने राजस्थान के कोटा से बरामद कर लिया है। अपहरण के आरोप में पुलिस ने दो महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरोह के सरगना रसलपुर सहायक थाना क्षेत्र के एकचारी गांव के संतोष मंडल, शहर के शिवकुमारी पहाड़ वासी सुभाष शर्मा की पत्नी कविता देवी और कहलगांव थाना क्षेत्र के मकसपुर गांव के अर्जुन साह की पत्नी सोनी देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। एसडीपीओ मनोज कुमार सुधांशु और प्रशिक्षु आईपीएस सह कहलगांव थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि गिरोह का सरगना संतोष मंडल के तार राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं जिसकी गहराई से छानबीन की जा रही है।
मामला मानव तस्करी से जुड़े होने के बाबत पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस ने बताया कि अपहृता की बरामदगी अन्य प्रांत से की गई है लेकिन किस प्रांत से बरामदगी की गई है इसका खुलासा करने से पुलिस ने परहेज कर लिया। वहीं विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि मानव तस्कर गिरोह द्वारा उक्त नाबालिग लड़की को तस्करी कर राजस्थान के कोटा ले गया था जहां 80 हजार रुपये में बेच दिया गया था। 
इस बीच लड़की ने किसी के मोबाइल से परिजन को फोन कर बताया था कि वह कोटा में है। उसके बाद जब परिजन उक्त नंबर पर कॉल करने लगे तो मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया गया। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई तो पुलिस ने अनुसंधान के जरिये गिरोह का खुलासा किया तथा राजस्थान के कोटा से बरामद कर लिया गया।
मालूम हो कि बीते 17 फरवरी को रिश्तेदार के घर गोपालपुर थाना क्षेत्र के करारी तिनटंगा से घर लौटने के क्रम में कहलगांव स्टेशन के पास से नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया था। लड़की का फोन आने के बाद अपहृता के पिता ने 21 मार्च को अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था।