10 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार: सहरसा पुलिस ने लूटकांड के वांछित मो. अनिश उर्फ नन्हे को दबोचा
सहरसा, 21 अप्रैल 2026: जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बैजनाथपुर थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में 10 हजार रुपये के इनामी और अंतरजिला अपराधी मो. अनिश उर्फ नन्हे को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कई लूटकांडों में वांछित था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण तथा अवैध हथियार और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह बड़ी सफलता मिली है।
अंबेडकर चौक के पास घेराबंदी कर दबोचा
बैजनाथपुर थानाध्यक्ष अमित रंजन एवं पु.अ.नि. खुशबू कुमारी को सूचना मिली थी कि बैजनाथपुर थाना कांड संख्या 59/2026 के पूजा पेट्रोल पंप लूटकांड का वांछित आरोपी मो. अनिश उर्फ नन्हे सदर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के पास देखा गया है।
सूचना के सत्यापन के बाद बैजनाथपुर थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मो. अनिश उर्फ नन्हे, पिता मो. आलम, निवासी धबौली वार्ड संख्या-01, थाना पतरघट, जिला सहरसा बताई।
कई लूटकांडों में था वांछित
गिरफ्तार अपराधी पर सहरसा और मधेपुरा जिले के कई थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह निम्न मामलों में वांछित था—
- बैजनाथपुर थाना कांड संख्या 59/26 (12.04.2026) – पूजा पेट्रोल पंप लूटकांड
- सदर थाना कांड संख्या 379/26 (09.04.2026) – सीएसपी लूटकांड
- बसनही थाना कांड संख्या 63/26 (14.04.2026) – SBI सीएसपी लूटकांड
- भर्राही थाना, मधेपुरा कांड संख्या 99/26 (26.03.2026) – ग्रामीण बैंक लूटकांड
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी टीम में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री आलोक कुमार, बैजनाथपुर थानाध्यक्ष अमित रंजन, पु.अ.नि. खुशबू कुमारी, जिला आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी तथा बैजनाथपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले के अन्य मामलों में भी उससे पूछताछ की जा रही है।