Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:युवक की मौत के बाद उग्र भीड़ का कहर, पुलिस पर हमला; SHO-IO सस्पेंड - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 4, 2026

BIHAR:युवक की मौत के बाद उग्र भीड़ का कहर, पुलिस पर हमला; SHO-IO सस्पेंड

Bihar Crime News: कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद बवाल हो गया. हालात बेकाबू हो गए. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी.

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. जान बचाने के लिए कई पुलिसकर्मी पास के मक्के के खेतों में भागते नजर आए. भीड़ ने महिला सिपाही को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी खदेड़ा गया. इस दौरान एक सिपाही की राइफल छीन लिए जाने की भी खबर है.

वीडियो आया सामने, लाठी-डंडों से पिटाई

पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

क्या है पूरा मामला?

फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव को 2 अप्रैल की रात मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था. शनिवार को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया.

परिजनों का आरोप: बेगुनाह होते हुए भी नहीं छोड़ा

मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने पहचान के दौरान राकेश को नहीं पहचाना था. इसके बावजूद पुलिस ने उसे हिरासत में रखा. परिवार का कहना है कि थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई.

साली का आरोप: ‘दारोगा ने मार डाला’

मृतक की साली कोमल यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राकेश को बुरी तरह पीटा गया. उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने भी पहचान नहीं की थी, फिर भी पुलिस उसे जबरन उठा ले गई और मारपीट की.

पुलिस का दावा: हाजत में आत्महत्या की कोशिश

वहीं पुलिस का कहना है कि राकेश यादव ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था. हालत बिगड़ने पर उसे सुबह 7 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फलका ले जाया गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे. गुस्साए लोगों ने फलका-कुर्सेला स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.

SHO और IO सस्पेंड

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शिखर चौधरी ने फलका थाना के SHO रवि कुमार राय और जांच अधिकारी कुंदन पटेल को निलंबित कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.

जांच के लिए SIT गठित

पुलिस विभाग ने घटना की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) स्तर से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. SDPO रंजन कुमार सिंह के अनुसार, राकेश यादव को लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था. शनिवार सुबह उसने आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.