गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में पुलिस हिरासत से एक सरकारी अधिकारी के फरार होने की घटना सामने आई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है. पूरा मामला यादोपुर थाना क्षेत्र का है, जहां गंडक नदी में अवैध बालू खनन के आरोप में गोपालगंज खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक को शुक्रवार की शाम गिरफ्तार किया गया था.
खनन निरीक्षक पुलिस हिरासत से फरार:यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर की गई थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पुलिस निगरानी में रखा गया था, लेकिन इसी दौरान रात को आरोपी अधिकारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए.
''शुक्रवार को बालू घाटों का निरीक्षण किया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. इसी कार्रवाई के दौरान खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया.''- पवन कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी, गोपालगंज
जिलाधिकारी की कार्रवाई से हड़कंप : जिलाधिकारी के आदेश पर जिला खनिज विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने जादोपुर थाने में खनन निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी. प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया और अवैध खनन से जुड़े लोगों में भय का माहौल है.
टेंडर नहीं, फिर भी अवैध बालू उठाव जारी था : बताया जा रहा है कि गोपालगंज में गंडक नदी के किसी भी घाट के लिए फिलहाल बालू खनन का वैध टेंडर नहीं हुआ है. इसके बावजूद लंबे समय से अवैध तरीके से बालू उठाव जारी था. इस पर रोक लगाने के लिए डीएम ने एक दिन पहले ही उच्चस्तरीय बैठक कर सभी अधिकारियों को घाटों की सघन जांच के निर्देश दिए थे.
अवैध खनन बर्दाश्त नहीं-जिलाधिकारी: जिलाधिकारी ने निर्देश में बताया है कि अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. बताया गया कि पुलिस हिरासत से फरार आरोपी खनन निरीक्षक की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.
सीमावर्ती इलाकों में भी चौकसी: जिले के सीमावर्ती इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि आरोपी फरार होकर बाहर न निकल सके. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि फरार खनन निरीक्षक की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे दोबारा पकड़ लिया जाएगा.