।मुजफ्फरपुर Bihar Police Bribery Case: जिले में लगातार दूसरे दिन विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम ने छापेमारी कर सदर थाने में तैनात दारोगा भास्कर कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, दारोगा एक पीड़ित से रुपये ले रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठी स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के बाद विजिलेंस की टीम आरोपी दारोगा को अपने साथ लेकर चली गई। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
गौरतलब है कि एक दिन पहले मंगलवार को पटना से आई स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम ने प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनके चालक को भी हिरासत में लिया गया था।
लगातार दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों के बावजूद सरकारी विभागों में तैनात कुछ कर्मियों पर इसका असर नहीं दिख रहा है। विजिलेंस की इस सख्ती से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में खलबली मची हुई है।