मधेपुरा में सोमवार की सुबह जमीन विवाद में एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मोहनपुर गंगौरा गांव की है। मृतक की पहचान बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मोहनपुर गंगौरा वार्ड निवासी बादल महतो के बेटे रामसागर महतो (62) के रूप में हुई है।
मृतक के बेटे मिथिलेश कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 6 बजे उनके पिता घर से करीब पांच सौ मीटर दूर खेत में मवेशी का चारा लाने गए थे। इसी दौरान करीब पांच-छह संख्या में आए अपराधियों ने उनके पिता को पकड़कर गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने उनके सिर, मुंह, छाती और पेट में छह गोली मारी है। जिसके बाद घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे ने बताया कि गांव के ही विद्यानंद महतो और उनके भाई से 16 कट्ठा जमीन को लेकर करीब 6 साल से विवाद चल रहा था। मृतक रामसागर महतो को दो बेटा और पांच बेटी है। घटनास्थल से कई खोखा बरामद किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही उदाकिशुनगंज SDPO अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर FSL की टीम को भी बुलाया गया है। जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
