छपरा के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर छठ घाट पर हुई हर्ष फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए हैं। एक महिला समेत दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया है। घटना शाम को अर्घ्यदान के समय की है।
सारण (छपरा) जिले में मांझी थाना क्षेत्र में छठ घाट पर फायरिंग में पांच लोगों को गोली लग गई। बताया जा रहा है कि फायरिंग में घायल लोगों में से दो की हालत अधिक गंभीर है। घायलों में से तीन लोगों को स्थानीय पीएचसी में इलाज के बाद छपरा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पूरा वाकया मुबारकपुर छठ घाट पर हुआ। मुबारकपुर छठ घाट पर शाम का अर्घ्य देने पहुंचे लोगों के बीच तब भगदड़ की स्थिति हो गई, जब एक बदमाश ने अति उत्साह में घाट पर ही फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से पांच लोग घायल हो गए।
तीन घायलों को किया गया छपरा रेफर, दो की हालत ज्यादा गंभीर
घायलों में गिरिजा देवी, ऋतिक सिंह व सोनू सिंह को छपरा रेफर किया गया था। सूचना मिल रही है कि इनमें से दो को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। इस वारदात में घायल गोलू सिंह और सुधीर सिंह का इलाज एकमा के अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा ने बताया कि वे घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुछ ही दिनों पहले जेल से बाहर आया है फायरिंग करने वाला नौटंकी सिंह
बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला शख्स नौटंकी सिंह पुराना अपराधी है और हाल ही में जेल से छूटकर आया है। वह काफी संख्या में गोलियां लेकर घाट पर पहुंचा था। उसके स्वजन भी इसी घाट पर छठ कर रहे थे। अति उत्साह में दबंगई दिखाने के इरादे से वह घाट पर ही फायरिंग करने लगा। इस दौरान एक युवक को गोली लग गई। पुलिस का कहना है कि बाकी चार लोग गोली के छर्रे से घायल हुए हैं।
काफी देर से फायरिंग कर रहा था आरोपित
घटनास्थल की कई फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में दिख रहा है कि आरोपित काफी देर से घाट पर फायरिंग कर रहा था। लेकिन किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। प्रशासन ने तमाम छठ घाटों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती का दावा किया था, लेकिन इस घटना से प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहा है। अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना के वक्त शायद अधिकारी ड्यूटी से गायब थे, या फिर उन्होंने पूरे मामले की अनदेखी की।
एसडीपीओ को दिया गया है जांच का जिम्मा
सारण एसपी धुरत शायली सावलाराम ने बताया कि नौटंकी सिंह हाल-फिलहाल जेल से छूटा था। वह छठ घाट पर वह परिजनों के साथ मौजूद था। इस दौरान उसके द्वारा हर्ष फायरिंग की गई। इसके कारण पांच लोग जख्मी हुए हैं। मामले की छानबीन के लिए सदर एसडीपीओ को मौके पर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
