Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में जमीन विवाद में किसान की गोली मारकर हत्या, 81 डिसमिल जमीन को लेकर 25 साल से चल रहा था विवाद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 26, 2026

मधेपुरा में जमीन विवाद में किसान की गोली मारकर हत्या, 81 डिसमिल जमीन को लेकर 25 साल से चल रहा था विवाद

मधेपुरा में जमीन विवाद में किसान की गोली मारकर हत्या, 81 डिसमिल जमीन को लेकर 25 साल से चल रहा था विवाद

मधेपुरा। जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना लक्ष्मीपुर लालचंद पंचायत के चांय टोला वार्ड संख्या 6 की है। मृतक की पहचान मसुदन मंडल के पुत्र कृपाली मंडल (50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

परिजन आनन-फानन में घायल कृपाली मंडल को बिहारीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के सीने में गोली लगी थी।

बोरिंग के लिए गए थे चटनमा गांव

मृतक के भाई अशोक मंडल ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह अपने बेटे के साथ बोरिंग के काम से चटनमा गांव गए थे। लौटने के दौरान रास्ते में कथित आरोपी प्रह्लाद मंडल ने उन पर गोली चला दी। हालांकि, गोली उन्हें नहीं लगी और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंच गए।

घर पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनके भाई कृपाली मंडल को गोली मार दी गई है। इसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे और घायल भाई को बाइक से मंजौरा पुलिस कैंप ले गए। वहां से उन्हें बिहारीगंज पीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

81 डिसमिल जमीन को लेकर 25 साल से विवाद

परिजनों के अनुसार, गांव के ही जगदेव मंडल और उनके बेटे प्रह्लाद मंडल के साथ कृपाली मंडल के परिवार का करीब 81 डिसमिल जमीन को लेकर पिछले 25 वर्षों से विवाद चल रहा था। जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी।

परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद से संबंधित मामला थाने में भी लंबित है। इसी पुरानी रंजिश के कारण कृपाली मंडल की गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।

मृतक अपने पीछे दो बेटियां और तीन बेटे छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज के डीएसपी पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे जमीन विवाद और पुरानी रंजिश की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।