Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:पति को नया जीवन देने के लिए पत्नी ने उठाया बड़ा कदम, किडनी दान कर बनी मिसाल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 28, 2026

BIHAR NEWS:पति को नया जीवन देने के लिए पत्नी ने उठाया बड़ा कदम, किडनी दान कर बनी मिसाल

पति को नया जीवन देने के लिए पत्नी ने उठाया बड़ा कदम, किडनी दान कर बनी मिसाल

ठाकुरगंज (किशनगंज) से पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम, समर्पण और त्याग की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। प्रखंड क्षेत्र की 37 वर्षीय सविता देवी ने अपने बीमार पति कृष्ण कुमार सिंहा को नया जीवन देने के लिए अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया है। कृष्ण कुमार सिंहा पूर्व उपमुख्य पार्षद रह चुके हैं और वर्तमान उपमुख्य पार्षद उर्मिला देवी के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं।

सविता देवी का यह कदम न केवल पारिवारिक समर्पण का उदाहरण है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गया है। जानकारी के अनुसार, कृष्ण Kumar सिंहा की दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं। चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने के लिए किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी है।

पति की लगातार बिगड़ती सेहत को देखते हुए सविता देवी ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी एक किडनी दान करने का फैसला लिया। आवश्यक चिकित्सीय जांच और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद डॉक्टरों ने प्रत्यारोपण की तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह ऑपरेशन चंडीगढ़ के एक विशेषीकृत अस्पताल में किया जाएगा।

परिजनों के अनुसार, सविता का यह निर्णय पूरे परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। क्षेत्र के लोग भी उनके साहस, त्याग और पति के प्रति समर्पण की सराहना कर रहे हैं।

भारतीय संस्कृति में सावित्री-सत्यवान की कथा पति-पत्नी के अटूट प्रेम और समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। उसी तरह आधुनिक जीवन में ठाकुरगंज की सविता भी अपने पति कृष्ण को नया जीवन देने के लिए अपनी किडनी दान कर रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि सफल किडनी प्रत्यारोपण के बाद मरीज सामान्य जीवन की ओर लौट सकता है।