Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:देखने वालों की आंखें भर आईं: सहरसा में तीन दोस्तों की एक साथ अर्थी उठी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, February 9, 2026

SAHARSA:देखने वालों की आंखें भर आईं: सहरसा में तीन दोस्तों की एक साथ अर्थी उठी

 


Saharsa News: सहरसा जिले के कनरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फरेवा गांव में एक हृदयविदारक घटना के बाद पूरा इलाका शोक में डूब गया। इलाज के दौरान तीन दोस्तों की मौत हो जाने से गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन अर्थियां उठती देख हर आंख नम हो गई, वहीं मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन बना रहा।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान राजा कुमार (20 वर्ष), सन्नी देवल कुमार (18 वर्ष) और मुरारी कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं इस घटना में चौथा युवक सनोज कुमार (14 वर्ष) फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है और उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद मौके पर वरीय पुलिस अधिकारी पहुंचे और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम के साथ पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया।

बताया जा रहा है कि शनिवार (7 फरवरी) को फरेवा गांव के चारों दोस्त मकई के खेत में गए थे, जहां उन्होंने फेराडोन नामक कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। इसके कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथे युवक की हालत में सुधार बताया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

ग्रामीणों के अनुसार, राजा कुमार, सन्नी देवल कुमार, मुरारी कुमार और सनोज कुमार गांव-घर में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नृत्य करने का काम करते थे और आपस में गहरे दोस्त थे। एक साथ तीन युवाओं की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की टीम पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। कीटनाशक दवा के सेवन के कारणों को लेकर भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।