सकरा (मुजफ्फरपुर), संवाद सहयोगी: थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में नाबालिग प्रेमिका के साथ शारीरिक संबंध बनाने के उपरांत गर्भवती होने का मामला शुक्रवार को पंचायत के माध्यम से ग्रामीणों ने शांत कर दिया।
दोनों पक्ष के लोगों ने आपस में बैठकर यह निर्णय लिया कि युवक को जिससे प्रेम था शादी उसी से करनी चाहिए थी, लेकिन 1 माह पूर्व उसने गुपचुप ढंग से दूसरी लड़की के साथ शादी रचाकर दोनों के जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया है। इसलिए उसे दोनों लड़कियों को साथ रखना होगा।
प्रेमी अब नाबालिग प्रेमिका से करेगा शादी
पंचों के निर्णय को स्वीकारते हुए प्रेमी ने प्रेमिका के साथ विवाह रचाने के लिए हामी भर दी है। हालांकि, पंचो ने नवविवाहिता एवं युवक के प्रेमिका से भी इस बात की जानकारी ली तथा पूछताछ के बाद यह निर्णय लिया गया।
प्रेमिका ने कहा कि वह रहेगी तो प्रेमी के साथ ही रहेगी। इसमें हैरानी वाली बात यह रही कि नवविवाहिता ने इस पर किसी भी तरह की आपत्ति नहीं जताई। उन्होंने यह कहा कि हम दोनों साथ-साथ रहेंगे।
बताते चलें कि 6 माह पूर्व से गांव के ही एक युवक के साथ नाबालिग छात्रा का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच आपसी सहमति से संबंध होने के कारण लड़की 3 महीने की गर्भवती हो गई। बावजूद इसके उसके प्रेमी ने बगैर इस बात की परवाह किए 1 माह पूर्व दूसरी शादी रचा ली।
घटना की जानकारी जब प्रेमिका को हुई तो उसने कानून का सहारा लिया पुलिस ने जब मामले की छानबीन शुरू की तो पंचों ने बीच बचाव का रास्ता अख्तियार कर लिया।